शहर के वंचित समुदायों की व्यापक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच को सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।
बेंगुलुरु में, कच्ची बस्तियों के लिए एक इंटीग्रेटेड स्वास्थ्य कार्यक्रम चल रहा है जिसके माध्यम से हम लगभग एक लाख लोगों तक पहुँचे हैं। इस कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य कार्य, मोहल्ला स्वास्थ्य केंद्र, और सरकारी अस्पतालों में रेफरल सेवाएँ शामिल हैं।

इन बस्तियों के अधिकांश निवासी कर्नाटक और अन्य राज्यों के प्रवासी हैं। इनमें से काफी लोग असंगठित क्षेत्र में यानी भवन निर्माण, ई कॉमर्स, हाउसकीपिंग, सेक्यूरिटी। कचरा बीनने और घरेलू काम जैसे काम करते हैं और ऐसे इलाकों में रहते हैं, जहां सफाई व्यवस्था नहीं है और साफ पानी की उपलब्धता भी सीमित है। ये सब इन लोगों के स्वास्थ्य के लिए काफी खतरनाक हैं।
सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी अक्सर काफी कम होती है। इन प्रवासियों में बहुतेरे तो अपने नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी अस्पतालों के बारे में नहीं जानते। नतीजतन, वे अप्रशिक्षित चिकित्सकों पर निर्भर होते हैं और इलाज मिलने में देरी अक्सर उनकी जेब पर भारी बोझ और सिर पर कर्ज बन जाती है।
इन समुदायों के साथ हमारे काम का उद्देश्य है ये हालात बदलें और स्वास्थ्य सेवाएँ उनकी पहुँच में हों, समय पर मिलें और सस्ती हों।
हम बेंगलुरु के 5 क्लस्टर्स-बेलांदुर, हेब्बल, कुंबलगोडु, पीण्या और थुंबारहल्ली में काम कर रहे हैं और चार स्वास्थ्य केंद्र संचालित कर रहे हैं।
हमारे काम में फ्रंटलाइन स्वास्थ्य सेवा, सामुदायिक नर्सिंग और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
- फ्रंटलाइन स्वास्थ्य सेवा का नेतृत्त्व सामुदायिक स्वास्थ्य एसोसिएट द्वारा किया जाता है, जिसमें उसी समुदाय के लोग होते हैं जिनके साथ हम काम करते हैं। प्रत्येक एसोसिएट के पास लगभग 500 घर की ज़िम्मेदारी होती है, जिन्हें वे स्वास्थ्य शिक्षा देते हैं और अच्छी आदतों को बढ़ावा देते हैं। वे हर घर की स्क्रीनिंग करते हैं जिसमें वयस्कों के ब्लड प्रेशर और बल्ड शुगर की जांच, छोटे बच्चों के विकास की निगरानी शामिल है। जिनको ज़रूरत होती है, उन्हें नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र या सरकारी अस्पताल रेफर किया जाता है। हम स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ भी काम करते हैं, ताकि गर्भावस्था के दौरान ज़रूरी सुविधाएं और टीकाकरण आदि तक लोगों की पहुँच बन सके।
- सामुदायिक नर्सिंग का नेतृत्त्व सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सों द्वारा किया जाता है जो एसोसिएट को मदद करती हैं और प्रत्येक नर्स लगभग 2000 से 2500 घरों के साथ जुड़ती है। वे सामुदायिक रिसोर्स केंद्र से अपने काम का संचालन करती हैं। ये रिसोर्स केंद्र स्क्रीनिंग, हेल्थ कैंप और सामुदायिक बैठकों के साथ ही नर्सों द्वारा फोन पर परामर्श देने के काम आते हैं।
- प्राथमिक स्वास्थ्य क्लीनिक उन समुदायों के नजदीक ही हैं जहां हम काम करते हैं। हर क्लीनिक में वेटिंग एरिया, नर्सों के लिए स्थान, डॉक्टर से परामर्श के लिए कमरा, और एक फार्मेसी होती है। ये क्लीनिक ज़रूरी सुविधाएं मुहैया कराते हैं, जिसमें शुरुआती रोग जांच और मरहम पट्टी जैसी चीज़ें शामिल हैं।
जब रोगी को उच्चतर सेवाओं की ज़रूरत होती है, तो उन्हें सरकारी अस्पतालों से जोड़ देते हैं। हमारी टीमें उनको रेफरल मदद भी करती हैं इसमें कुछ महत्त्वपूर्ण अस्पतालों में हेल्पडेस्क शामिल है, जो उनको सही जगह पहुँचने में और फलो-अप में मदद करती है। हम पूरे शहर में गैर-लाभकारी संस्थाओं के साथ भी मिलकर काम करते हैं।
अब हमने जिले के सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र के साथ जुड़कर काम करना भी शुरू किया है। हमारी टीमें चुने हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ काम कर रही हैं, ताकि उनकी जरूरतों को समझकर व्यापक स्वास्थ्य सेवाएँ दे पाने में उनकी मदद कर सकें।
शहर में हमारा काम जागरूकता फैलाने, टीकाकरण और मातृ एवं शिशु देखभाल से शुरू हुआ, अब विस्तृत हो रहा है और इसमें व्यापक जरूरतों जैसे- गैर संक्रामक रोगों, मानसिक स्वास्थ्य, प्रशामक सेवाओं और अक्षम लोगों के लिए सहयोग को भी शामिल कर रहे हैं।
हम बंगलुरु में एक बहु-विशेषज्ञता वाला मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल भी खोल रहे हैं, जिसका फोकस अंग प्रत्यारोपण पर होगा।
